समस्तीपुर:रोसड़ा में एयरटेल पेमेंट बैंक संचालक से 55 हजार रुपये की लूट
समस्तीपुर। रोसड़ा थाना क्षेत्र के एरौत चौक स्थित एक साइबर कैफे एवं एयरटेल पेमेंट बैंक केंद्र में बुधवार को दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.अपराधियों ने एयरटेल मनी संचालक अजय कुमार यादव से करीब 55 हजार रुपये लूट लिए व बाइक से फरार हो गए.
घटना के संबंध में पीड़ित व्यवसायी अजय कुमार यादव ने बताया कि वे अपनी दुकान पर मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य कर रहे थे.इसी दौरान एक युवक दुकान में आया व ब्लूटूथ दिखाने की बात कहकर काउंटर के पास रुका.कुछ देर बाद अचानक उसने बेल्ट निकालकर उन पर हमला कर दिया.हमले से अजय यादव नीचे गिर पड़े.इसी बीच युवक ने काउंटर का खुला गल्ला से एयरटेल पेमेंट बैंक की रखी करीब 55 हजार रुपये की राशि निकाल ली.बताया जाता है कि दुकान के बाहर पहले से दो युवक मोटरसाइकिल पर मौजूद थे.लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी तेजी से फरार हो गए.
घटना के दौरान आरोपी का बेल्ट दुकान में ही छूट गया,जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई.वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू समस्तीपुर की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
