समस्तीपुर में गंडक नदी में डूबने से छात्र की मौत:पांच दोस्तों के साथ नहाने गया था
समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने चार दोस्तों के साथ संगम घाट पर नहाने गया था। दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव नदी से निकाला गया। मृतक की पहचान शिरोपट्टी वार्ड-12 निवासी राजेश राम के 18 साल के बेटे जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई है।
जयप्रकाश कुमार अपने दोस्तों रूपेश कुमार (23), अभिषेक कुमार (21), मंगल कुमार (23) और मनीष कुमार (21) के साथ बाइक से संगम घाट गंडक नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान जयप्रकाश, रूपेश और मनीष गहरे पानी में चले गए। रूपेश, मनीष, अभिषेक और मंगल किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन जयप्रकाश गहरे पानी में फंस गया।
सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हुए
दोस्तों ने जयप्रकाश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। उन्होंने तुरंत बाहर आकर परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद जयप्रकाश कुमार का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।जयप्रकाश कुमार को गंडक नदी से निकालकर खानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद खानपुर थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
मृतक के मामा नंदकिशोर राम ने बताया कि जयप्रकाश चार भाई थे। उसने हाल ही में फॉरेंसिक साइंस में दाखिला लिया था। उसके तीन छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं। जयप्रकाश के पिता राजेश राम गांव में खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
थाना अध्यक्ष शिवपूजन कुमार ने बताया कि गंडक नदी में पांच दोस्त नहाने गए थे ।चार दोस्त गंडक नदी से निकल गए जयप्रकाश कुमार गहरे पानी में चले जाने की वजह से वह नदी में डूब गया। मृतक के परिजनों के तरफ से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि जल्द भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
