समस्तीपुर का मौसम:चार दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट,चलेगी तेज हवा
समस्तीपुर।लगातार मौसम के उतार चढ़ाव से किसानों के साथ आमलोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। अचानक मंगलवार की सुबह आई तेज आंधी और बारिश के कारण आम और लीची के फल पेड़ों से झड़ गए जिससे बागवानों को नुकसान पहुंचा है। दूसरी ओर हुई बारिश से मूंग एवं सब्जी की फसलों को काफी लाभ मिला है जिससे किसानों में राहत देखी जा रही है। अगले चार दिनों तक उच्च तापमान, हवा में अधिक नमी एवं अनुकूल मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा (10-25 एमएम) हो सकती है। वर्षा के समय तेज हवा चल सकती है, जिसकी औसतन रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का अनुमान है।
पूर्वानुमानित अवधि में ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि सारण एवं सिवान जिलों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 21-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 70 से 75 प्रतिशत तथा दोपहर में 35 से 40 प्रतिशत रहने की अनुमान है।
पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 20 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की सम्भावना है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अब्दुस सत्तार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव अब मौसम के स्वरूप में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
