मेहसी स्टेशन पर तत्काल टिकट की कालाबाजारी करते रंगेहाथ धराया युवक
मोतिहारी. रेलवे सुरक्षा बल बापूधाम मोतिहारी व सीआइबी रक्सौल की टीम ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत शुक्रवार को मेहसी स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम काउंटर से एक तत्काल टिकट के साथ एक टिकट धंधेबाज को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मेहसी स्टेशन के ही यूटीएस काउंटर पर कार्यरत एसटीबीए ठेकेदार का कर्मचारी है.
बापूधाम मोतिहारी के आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद व सीआईबी रक्सौल के सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वर मुर्मू, प्रधान आरक्षी बृजेश कुमार व प्रधान आरक्षी मृत्युंजय कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने मेहसी स्टेशन पर छापेमारी की. इस दौरान टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा, जिसकी पहचान मेहसी थाना के रजुआ बाखड़ी निवासी विनोद कुमार (उम्र 33 वर्ष) के रूम में हुयी.
जांच के दौरान आरोपी विनोद कुमार के पास से मुजफ्फरपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली गाड़ी संख्या 11062 (पवन एक्सप्रेस) के थर्ड एसी क्लास का एक तत्काल रिजर्वेशन टिकट बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्टेशन पर ही टिकट बुकिंग एजेंट के तहत काम करता है. वह लालच में आकर जरूरतमंद यात्रियों से प्रति व्यक्ति 200 अतिरिक्त लेकर तत्काल टिकट बनाकर बेचता है. आरपीएफ ने आरोपी को रेल अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
