समस्तीपुर:शादी के डेढ़ महीने पहले युवती की मौत: अज्ञात वाहन रौंदकर फरार
समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती अपनी शादी के लिए कपड़े खरीदने जा रही थी। मृतका की पहचान वैनी थाना क्षेत्र के ठहरा गोपालपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार झा की बेटी श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। श्वेता की शादी 6 जुलाई को होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।
मृतका के भाई अवनीश कुमार ने बताया कि श्वेता सोमवार को शादी के लिए कपड़े खरीदने पूसा थाना क्षेत्र के गढ़िया चौक गई थी। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्वेता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
ड्राइवर की पहचान की जा रही
नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से एक युवती की मौत की सूचना मिली है। मामले को लेकर नगर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी हरी लाल यादव को सदर अस्पताल भेजा गया है, ताकि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा सके।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
