दो पिकअप वैन से 44 क्विंटल चाइनीज सेब बरामद, चालक गिरफ्तार
सीतामढ़ी। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तैनात सशस्त्र सीमा बल(एसएसबी) 51वीं बटालियन कन्हमां बीओपी के जवानों ने शनिवार रात सीमा स्तंभ संख्या 310/1 के समीप छापेमारी कर दो पिकअप वैन पर लदी 44 क्विंटल चाइनीज सेब बरामद किया है. साथ ही मौके से एक चालक को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार चालक की पहचान नेपाल के महोत्तरी जिले के गौशाला थाना क्षेत्र के टुटेसर निवासी धर्मराज मिश्रा के रुप में की गयी है. बताया है कि चाइनीज सेब की यह खेप नेपाल से भारत लाया जा रहा था.
इसी दौरान पहले से तैनात एसएसबी ने सीमा स्तंभ संख्या 310/1 के समीप दोनों पिकअप वैन को जब्त कर लिया. दोनों पिकअप वैन पर 220 कार्टन में कुल 44 क्विंटल चीनी सेब लदे थे. सहायक सेनानायक कुहिराम बनिया ने बताया कि जब्त चाइनीज सेब, पिकअप वैन एवं गिरफ्तार चालक को कस्टम के हवाले कर दिया गया है. जब्त सेब की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख के आसपास बतायी जा रही है.