शादी के तीन दिन बाद ही उजड़ गया सुहाग,करंट लगने से युवक की मौत
पटना।बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र के हरनाटाड पंचायत वार्ड संख्या छह में विद्युत करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई . घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान पंडित साह के 25 वर्षीय पुत्र संजय साह के रूप में हुई है . बताया जा रहा है कि युवक की शादी महज तीन दिन पहले ही हुई थी . शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया .
जानकारी के अनुसार संजय साह घर में इनवर्टर बनाने का काम कर रहा था . इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गया . करंट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा . घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे बचाने का प्रयास किया . आनन-फानन में इलाज की व्यवस्था की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई .परिजनों ने बताया कि संजय साह मेहनत-मजदूरी के लिए बाहर रहता था . कुछ दिन पहले ही वह शादी के सिलसिले में घर आया था।
उसकी शादी बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी मंगल शाह की पुत्री से हुई थी . शादी के बाद घर में उत्सव जैसा माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया . नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है . ग्रामीणों का कहना है कि उसके हाथों की मेहंदी का रंग भी अभी फीका नहीं पड़ा था कि पति की मौत की खबर ने उसकी दुनिया उजाड़ दी .
बताया जाता है कि संजय साह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था . परिवार की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी
. घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया .
इधर, घटना के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार वाल्मीकिनगर में कर दिया . मामले को लेकर लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है . पुलिस अपने स्तर से मामले की जानकारी जुटाने और जांच-पड़ताल में लगी हुई है .
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
