Patna

3 साल में पूरा होगा चंपारण से उड़ान का सपना,पटना से बड़ा बनेगा रक्सौल का एयरपोर्ट

पटना.रक्सौल : चंपारण के नागरिकों के उड़ान का सपना 2028 तक पूरा हो जाएगा. आने वाले लोकसभा चुनाव से पहले चंपारण के पहले एयरपोर्ट रक्सौल से विमान सेवा शुरू हो जाएगी. उक्त बातें पश्चिमी चंपारण संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने शनिवार को रक्सौल हवाई अड्डा परिसर के बगल में स्थित एसएसबी 47 वीं वाहिनी के मुख्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं. सांसद डॉ. जायसवाल ने कहा कि रक्सौल एयरपोर्ट कैसा बनेगा, इसमें कितनी लागत आएगी, आधुनिक एयरपोर्ट की क्या विशेषता रहेगी इसको लेकर अंतिम डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी हो गया है जो कि जून 2026 में फाइनल हो जाएगा. जिस कंसलटेंसी कंपनी का चयन होगा, वह आने वाले चार माह में इसका डीपीआर तैयार करके निर्माणकर्ता कंपनी को उपलब्ध कराएगी. जिसके बाद निर्माण कार्य कंपनी के द्वारा 18 माह के अंदर रक्सौल एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, इसके अगले दो माह में यहां एयरपोर्ट संचालन को लेकर जो भी परीक्षण (टेस्ट) होने है, उसको संपन्न कराया जाएगा. जिसमे विमानों की लैडिंग, टेक ऑफ, एटीआर टॉवर कंट्रोल आदि की चेकिंग होगी और दो साल के बाद रक्सौल का हवाई अड्डा उड़ान के लिए तैयार होगा. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा वर्ष 2016 में ही रक्सौल हवाई अड्डा के लिए 250 करोड़ रूपये का स्पेशल पैकेज दिया गया था, लेकिन राज्य सरकार की नीतियों के कारण जमीन अधिग्रहण में देरी होने से यह प्रोजेक्ट लेट होते चला आया. उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति भी आभार प्रकट किया कि उनके प्रयास से जमीन का अधिग्रहण समय से शुरू हो सका और अब उनके प्रयास से इसके डीपीआर का भी टेंडर हो गया है. उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम से देश के नागरिक उड्डयन मंत्री राम नायडू का भी आभार प्रकट किया कि रक्सौल एयरपोर्ट का टेंडर निकल सका. उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लंबे समय से यह दबाव था कि रक्सौल से छोटा प्लेन उड़ाने के लिए काम शुरू कर दिया जाए, लेकिन वे इस बात को लेकर अडिग रहे कि जब बनेगा, बड़ा एयरपोर्ट ही बनेगा और अब उनका यह सपना साकार होने लगा है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

 

प्रेस वार्ता से पहले सांसद डॉ. संजय जायसवाल, रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, नरकटिया विधायक विशाल साह, चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह के साथ रक्सौल एयरपोर्ट के अंतिम छोड़ पर गए और इसका भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ रक्सौल एसडीओ मनीष कुमार भी मौजूद रहे. उन्होंने एयरपोर्ट के अंतिम छोड़ पर जाकर यह बताया कि कैसे 2 किलोमीटर 360 मीटर लंबा रन-वे बनेगा. इससे पहले, सांसद व अन्य अतिथि विधायकों के रक्सौल पहुंचने पर गम्हरीया चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया. विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने बुके देकर सभी का स्वागत किया. मौके पर भाजपा संगठन जिला रक्सौल के अध्यक्ष अशोक पाण्डेय के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे.

पटना एयरपोर्ट से बड़ा होगा रक्सौल का रन-वे

सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि रक्सौल एयरपोर्ट का रन-वे कुल 2360 मीटर का होगा. जो कि पटना एयरपोर्ट से 360 मीटर ज्यादा है. उन्होंने बताया कि पटना एयरपोर्ट पर विमानों के उतरने इमरजेंसी ब्रेक लगाना होता है, वैसा रक्सौल में नहीं होगा. यहां एयरपोर्ट पर ए-320 जैसे जेट बोइंग विमान आराम से उतर सकेगा. जमीन अधिग्रहण को लेकर उन्होंने बताया कि 60 प्रतिशत तक जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है, बाकी बचे जमीन के अधिग्रहण का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा.

 

मोतिहारी-बेतिया से रक्सौल तक फोर लेन

 

प्रेस वार्ता के दौरान सांसद डॉ. जायसवाल ने घोषणा की एयरपोर्ट बनने से पहले रक्सौल से बेतिया और मोतिहारी के बीच फोर लेन सड़क हो जाएगी. जिससे की बेतिया और मोतिहारी से लोगों को यहां आने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. यह एयरपोर्ट चंपारण के नागरिकों के लिए वरदान साबित होगा और जिस तरह दरभंगा, पूर्णिया एयरपोर्ट को प्रसिद्धि मिली है, उसी प्रकार रक्सौल एयरपोर्ट को भी प्रसिद्धि मिलेगी और रक्सौल एयरपोर्ट इतिहास बनाएगा. यहां से देश के सभी महानगर के लिए विमान सेवा संचालित हो सकेगी.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!