विद्यापतिधाम स्टेशन के पास युवक का शव मिला: मालगाड़ी से मौत की आशंका
दलसिंहसराय।हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन के पास रविवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। करीब तीन घंटे बाद मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमथा दो पंचायत वार्ड संख्या-7 निवासी गांधी महतो के पुत्र लक्ष्मण महतो (25) के रूप में हुई।
यह घटना स्टेशन प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित आरपीएफ पोस्ट से लगभग 300 मीटर पूरब रन थ्रू ट्रैक के पास पोल संख्या 205/31 अप एवं डाउन लाइन के बीच की बताई जा रही है। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे रेलवे कर्मियों ने ट्रैक के बीच शव पड़ा देखा। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने जीआरपी थाना बछवाड़ा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी एवं आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी क्योंकि वह अधिक क्षत-विक्षत था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद मृतक की पहचान लक्ष्मण महतो के रूप में हुई।
आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल अमरेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत किसी ट्रेन, संभवतः मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई प्रतीत होती है। मृतक के शरीर पर नीले-सफेद रंग की चेक शर्ट एवं काला पैंट था। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ।परिजनों को घटना की सूचना दी गई। बताया गया कि युवक की शादी तय हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
