10 लाख की विदेशी शराब के साथ दिल्ली के दो तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर।उत्पाद विभाग की टीम ने अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर गांव के वार्ड नंबर चार में छापेमारी कर एक बड़े शराब तस्करी रैकेट का खुलासा किया है. उत्पाद टीम ने मौके से एक लक्जरी कार से 10 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की है. इसके साथ ही पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली के रहने वाले दो शातिर शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है. यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है.
: कार की डिक्की में छिपाकर रखी थी ब्रांडेड शराब:
उत्पाद थानेदार दीपक कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को सिपाहपुर गांव के एक मकान में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखे जाने की सटीक जानकारी मिली थी.
सूचना के सत्यापन के बाद जब टीम ने बताए गए ठिकाने पर अचानक छापेमारी की, तो वहां खड़ी एक नई लग्जरी कार की तलाशी ली गई. जांच के दौरान कार की डिक्की से हरियाणा निर्मित 50 कार्टन ब्रांडेड शराब बरामद हुई. तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब को बेहद शातिराना तरीके से डिक्की के भीतर छिपाया था. इसके अलावा, पुलिस को गुमराह करने के लिए लग्जरी कार पर फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल किया गया था.
दिल्ली में खरीदी कार, हरियाणा से लाई गई खेप:
पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई यह लग्जरी कार दिल्ली से खरीदी गई थी. तस्कर लगभग एक महीने पहले हरियाणा से शराब लोड कर उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार की सीमा में दाखिल हुए थे. पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शराब को सुरक्षित तरीके से अनलोड करने और उसे स्थानीय स्तर पर खपाने के लिए सिपाहीपुर के एक सुनसान मकान को अपना सुरक्षित ठिकाना
बनाया था.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
