समस्तीपुर में अनियंत्रित ट्रैक्टर झोपड़ी में घुसा, एक युवक की मौत, दो जख्मी
समस्तीपुर।ताजपुर. कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर मिडिल स्कूल के समीप एक बेलगाम ट्रैक्टर ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ जाने से सड़क किनारे झोंपड़ी में घुस गया। घटना में ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई एवं एक महिला एवं एक पुरुष घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। ट्रैक्टर पर छड़ लदा हुआ था।
आसपास के लोगों ने दौड़कर घटनास्थल पर ट्रैक्टर में फंसे मृतक को बाहर निकाला एवं घायलों को इलाज के लिए ताजपुर अस्पताल भेजा। मृतक स्थानीय मजदूर परिवार के बिन्देश्वर राम का पुत्र धर्मेंद्र राम (28) बताए गए। वहीं जख्मी मृतक के पिता बिन्देश्वर राम (65) एवं माता जमुनी देवी (62) बताए गए। घटना चार बजे शाम की बताई जाती है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त धर्मेंद्र अपने माता पिता के साथ झोंपड़ी में बैठकर बातचीत कर रहे थे इसी दौरान बेलगाम ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीण घटनास्थल पर अवरोध लगाकर सड़क जाम कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टर चालक पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने व मृतक के आश्रित को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस के साथ ताजपुर बीडीओ रवि भूषण एवं आरओ रोहन रंजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा बुझाकर उचित कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने के आश्वासन देकर जाम खाली कराए। पुलिस ने मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
