मुजफ्फरपुर:होटल में युवती से रेप, प्रेमी गिरफ्तार: बोली-मिलने के बहाने बुलाया था
मुजफ्फरपुर में युवती से रेप का मामला सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र के आर.एस. होटल एंड रेसीडेंसी में बुधवार रात युवती ने पुलिस को फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद टीम ने उसे बचाया। मौके से आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।पीड़िता ने बताया कि सिवाई पट्टी निवासी सुजीत कुमार से पिछले ढ़ाई साल से अफेयर चल रहा था। शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक शोषण किया। सुजीत ने मिलने के बहाने बुलाया। मुझे अपनी पत्नी बताकर एक कमरा बुक गया। होटल के रजिस्टर में लिखा कि पत्नी के साथ आया हूं।
कमरे को किया सील
कमरे के अंदर सुजीत ने मेरे साथ दरिंदगी की। विरोध करने पर प्रताड़ित किया। खुद को खतरे में पाकर किसी तरह से पुलिस को सूचना दी। अहियापुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल पर छापा मारा। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर सुरक्षित निकाला।मामले की गंभीरता को देखते हुए रात में ही कमरे को सील कर दिया, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके। गुरुवार को पुलिस टीम फॉरेंसिक (FSL) विशेषज्ञों के साथ दोबारा होटल पहुंची। पीड़िता को भी शिनाख्त के लिए साथ ले जाया गया, जहां उसने पूरी बात बताई। कमरे से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, जो जांच में सहायक होंगे।
होटल मालिक को लगी फटकार
पुलिस ने होटल मालिक को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि प्रेमी जोड़ों को कमरा देते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। बिना सही पहचान और संदेह होने पर सूचना न देना लापरवाही की श्रेणी में आता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होटल में ठहरने वाले हर व्यक्ति का पूर्ण विवरण होना अनिवार्य है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
नगर एसडीपीओ विनीत सिंह ने बताया कि एक लड़की ने फोन करके बताया था कि होटल के कमरे में उसके साथ गलत काम किया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने युवती को सुरक्षित निकाला। आरोपी सुजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल चेकअप करा लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
