Muzaffarpur

डेढ़ महीने से पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट नहीं किया, पहले रेप की कोशिश,अब रग्बी कोच बोला- गोली मार दूंगा

मुजफ्फरपुर.”मैंने अपने कोच के खिलाफ डेढ़ महीने पहले रेप की कोशिश करने का केस दर्ज कराया था। अब कोच मुझे फोन कर धमकी दे रहा है कि जब भी मैं तुम्हें देखूंगा, तो गोली मार दिया। कोच को पुलिस ने अभी तक अरेस्ट नहीं किया है। अब पुलिस भी केस को मैनेज करने की कोशिश कर रही है।”

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

ये कहना नेशनल रग्बी खिलाड़ी का है।

 

दरअसल, मुजफ्फरपुर की एक 17 साल के नाबालिग रग्बी खिलाड़ी ने अपने ही कोच पर यौन उत्पीड़न, जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज होने के डेढ़ महीने बाद पीड़िता का कहना है कि पहले कोच ट्रेनिंग के दौरान छेड़छाड़ करता था, करियर बर्बाद करने की धमकी देकर दबाव बनाता था। अब केस दर्ज होने के बाद उसे गोली मारने की धमकी दी जा रही है।

ट्रेनिंग के दौरान करता था छेड़छाड़

पीड़िता ने बताया कि जब वह रग्बी ट्रेनिंग के लिए मैदान जाती थी, तब आरोपी कोच राहुल कुमार महतो उसके साथ गलत हरकत करता था। वह अकेले में मिलने के लिए दबाव बनाता था और जबरन गलत काम करने की कोशिश करता था। विरोध करने पर टीम से निकालने और खेल करियर खत्म करने की धमकी देता था।

ऑडियो सबूत के साथ दर्ज कराई FIR

 

23 मार्च को पीड़िता ने पटना के कंकड़बाग थाने में जीरो FIR दर्ज कराई थी। बाद में मामला मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना ट्रांसफर किया गया, जहां 25 मार्च को केस दर्ज हुआ।पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को ऑडियो सबूत भी दिए हैं, जिसमें कोच उससे अश्लील बातें करता सुनाई दे रहा है।

 

अन्य महिला खिलाड़ियों के साथ भी गलत व्यवहार का आरोप

 

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सिर्फ उसके साथ ही नहीं, बल्कि अन्य महिला खिलाड़ियों के साथ भी इसी तरह का व्यवहार करता था। कई लड़कियों ने यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अवैध उगाही को लेकर शिकायत की थी।डर और दबाव के कारण करीब 10-15 लड़कियों ने ट्रेनिंग के लिए मैदान आना तक छोड़ दिया।

 

दो बार नेशनल खेल चुकी है पीड़िता

 

नाबालिग खिलाड़ी बिहार टीम की ओर से दो बार नेशनल स्तर पर रग्बी खेल चुकी है। लेकिन कोच की प्रताड़ना के कारण वह लगातार मानसिक तनाव में थी.पीड़िता ने डेढ़ महीने पहले कोच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है।

अब गोली मारने की धमकी का आरोप

 

मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि केस दर्ज होने के बाद अब आरोपी उसे गोली मारने की धमकी दे रहा है।पीड़िता का कहना है कि जिन लड़कियों ने उसके समर्थन में शिकायत की थी, उन्हें भी अलग-अलग माध्यमों से डराया जा रहा है। आरोपी कहता है कि वह पीड़िता को गोली मार देगा।

 

खेलने बाहर गई पीड़िता, मानसिक दबाव में परिवार

 

पीड़िता फिलहाल खेलने के लिए मुजफ्फरपुर से बाहर गई हुई है। उसने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उसका परिवार मानसिक दबाव में है। उसने कहा कि गांव लौटने के बाद वह फिर पुलिस से संपर्क करेगी।सबसे गंभीर बात यह है कि मामला दर्ज होने के करीब डेढ़ महीने बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। इससे पीड़िता और उसके परिवार में डर का माहौल है।

 

आरोपी खुद नेशनल प्लेयर रह चुका है

 

आरोपी राहुल कुमार महतो खुद एक नेशनल खिलाड़ी रह चुका है और लंबे समय से पुरानी ब्लॉक स्थित खेल मैदान में बच्चों को रग्बी की ट्रेनिंग देता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने ब्लॉक में कई ऐसे बच्चे हैं, जिन्होंने रग्बी खेल में अपना परचम लहराया है।खिलाड़ी सरकार की मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत नौकरी में हैं और गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं।

 

इस मामले में एसडीपीओ पश्चिम-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि आरोपी रग्बी कोच को गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!