बंधन बैंक से 10 मिनट में 1.8 लाख लूटे, 4 किमी दूर डिप्टी सीएम विजय चौधरी का था कार्यक्रम
समस्तीपुर में सोमवार को बंधन बैंक में लूट हुई है। 5 बदमाश 2 बाइक से आए थे और करीब 10 मिनट में 1.8 लाख रुपए लूट कर ले गए। जिस वक्त बदमाश पहुंचे थे, उस समय 3 महिला ग्राहक भी बैंक में थीं। अपराधियों ने उनके साथ भी लूटपाट की। महिलाओं के गहने छीन लिए।
वारदात के बाद सभी बदमाश झखरा कॉलेज की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखरा रोड की है।इलाके में आज ही स्थानीय विधायक और बिहार सरकार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी भी कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे। जहां घटना हुई, वहां से 4 किमी की दूरी पर डिप्टी सीएम का कार्यक्रम था। बताया जा रहा है कि अधिकतर पुलिसकर्मियों को डिप्टी सीएम की सुरक्षा में लगाया गया था।
ढाई बजे आए थे बदमाश
बैंक मैनेजर प्रवीण कुमार ने कहा कि करीब ढाई बजे बैंक में कर्मी सुनील कुमार, सोनू कुमार, मिथुन कुमार के अलावा तीन महिला ग्राहक और एक पुरुष ग्राहक थे। इसी बीच बदमाश पहुंचे और हथियार के दम पर लूटपाट करने लगे।जब ग्राहक रतन कुमार ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। बदमाश कैश काउंटर में रखे 1.8 लाख रुपए ले गए। इसके अलावा महिला ग्राहक सुदामा देवी, अनीशा देवी और गुड़िया देवी के गहने उतरवा लिए। घटना के बाद हथियार लहराते हुए सभी बदमाश फरार हो गए।
एएसपी संजय पांडे ने कहा कि बदमाशों ने 1 लाख 8 हजार की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान बैंक के अंदर कुछ ग्राहक थे, जिनके साथ भी मारपीट और लूटपाट की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। बैंक और आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
