रेल प्रबंधक द्वारा सोनपुर के डेमु शेड, रेलवे कॉलोनी, बैरक का किया गया निरीक्षण
पटना।मंडल रेल प्रबंधक, सोनपुर श्री अमित सरन द्वारा सोनपुर मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक एवं सघन निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उन्होंने सांस्कृतिक भवन, आरपीएफ बैरक, रेलवे कॉलोनी, डेमू शेड एवं अन्य अन्य स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने सांस्कृतिक भवन में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए इसके बेहतर उपयोग एवं रख-रखाव पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र है, बल्कि कर्मचारियों के सामाजिक एवं रचनात्मक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
आरपीएफ (RPF) बैरक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों की आवासीय एवं कार्य संबंधी सुविधाओं का अवलोकन किया तथा साफ-सफाई, अनुशासन एवं आधुनिक सुविधाओं के समुचित प्रबंधन पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने जवानों के मनोबल को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रेलवे कॉलोनी के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
डेमू शेड के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने रखरखाव कार्यों, तकनीकी व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा मानकों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने ट्रेनों की समयबद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने हेतु उच्च गुणवत्ता के रखरखाव कार्यों पर विशेष जोर दिया तथा अधिकारियों को कार्यकुशलता एवं नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित शाखा अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली एवं प्रगति से अवगत कराया। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए टीम वर्क, समन्वय एवं सतत सुधार की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
यह निरीक्षण सोनपुर मंडल में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्था के सशक्तिकरण एवं यात्री सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
