दलसिंहसराय:शिक्षक समाज के दर्पण, छात्रों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं:SDO
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर।प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यापति मॉडल इंटर स्कूल, मऊ वाजिदपुर दक्षिण के परिसर में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र नारायण सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) किशन कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी रविरंजन कुमार एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. प्रभात रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद सम्मान समारोह का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें प्रखंड के 14 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा 9वीं तथा 11वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को स्मृतिचिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार द्वारा सभी विद्यालय प्रधानों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों को भी मिथिला की पारंपरिक शैली में अंगवस्त्र, पुस्तक एवं माला भेंट कर सम्मानित किया गया। इससे कार्यक्रम का माहौल और भी गरिमामयी हो गया।
अपने संबोधन में एसडीओ किशन कुमार ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है और समाज को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने शिक्षकों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने छात्रों को मोबाइल के सकारात्मक उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि आज के दौर में तकनीक एक महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन इसका गलत उपयोग युवाओं को लक्ष्य से भटका सकता है।
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. प्रभात रंजन ने कहा कि शिक्षक समाज के दर्पण होते हैं और वे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। वहीं प्रभारी प्राचार्य अमित भूषण ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय द्वारा इस तरह के कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान दो दर्जन से अधिक शिक्षकों एवं समाज के प्रमुख लोगों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश जदयू सचिव धीरेंद्र कुमार सिंह, प्रकाश कुमार पिंटू, प्रखंड भाजपा अध्यक्ष अमित जायसवाल, जिला भाजपा उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, शिक्षक विपिन कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, आत्मजा कुमारी, कुमार शुभम, तपन कुमार, अमरदीप कुमार सिंह, अनिता पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
