दरभंगा ज्वेलरी शॉप लूटकांड में 2 और आरोपी अरेस्ट:दलसिंहसराय के जेल से रची गई थी साजिश,44 लाख के जेवर बरामद
दरभंगा नगर थाना इलाके में 3 अप्रैल को प्रेम ज्वेलर्स से हुई 2 करोड़ रुपए की ज्वेलरी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि लूट की साजिश समस्तीपुर के दलसिंहसराय जेल से रची गई थी। एसएसपी ने बताया कि लूटकांड में अब तक 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि लूटे गए करीब 44 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
दरअसल, 3 अप्रैल को हथियारबंद अपराधियों ने प्रेम ज्वेलर्स की शॉप में घुसकर दुकान के मालिक, कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। इसके बाद करीब 700 ग्राम सोना, 20-25 किलो चांदी और 10 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। मामले में नगर थाना कांड संख्या 72/26, धारा 310(2)/311 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
एसआईटी का गठन, ताबड़तोड़ कार्रवाई
एसएसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर दरभंगा पुलिस, बिहार STF, बेगूसराय पुलिस, असाम पुलिस और उत्तर प्रदेश STF ने साथ मिलकर छापेमारी की।
लूट के बाद भाग रहे अपराधियों से 4 अप्रैल को बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव में पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी। इस दौरान पुलिस ने 6 अपराधियों, आर्यन कुमार, मंगल कुमार, गौतम, अविनाश, विक्की पासवान और पवन झा को गिरफ्तार किया था। इस दौरान मंगल कुमार और पवन झा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मंगल कुमार के पैर में गोली लगी थी।पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 2 बाइक और करीब 1.980 किलो चांदी बरामद की थी।दरभंगा एसएसपी के मुताबिक, गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि लूट की साजिश दलसिंहसराय जेल में बंद भोला सिंह ने रची थी। अभिषेक सोनी ने दुकान की अंदरूनी जानकारी दी थी, जिसके बाद संदीप, लालू, मुरारी समेत अन्य अपराधियों के साथ मिलकर पूरी योजना तैयार की गई।
अब तक गिरफ्तार 12 अपराधियों में ये शामिल
4 अप्रैल: आर्यन कुमार, मंगल कुमार, गौतम, अविनाश, विक्की पासवान और पवन झा गिरफ्तार।
5 अप्रैल: सिमरी थाना क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल बरामद
7 अप्रैल: दीपक कुमार की गिरफ्तारी
8 अप्रैल: मुरारी कुमार को असम के गुवाहाटी से गिरफ्तार किया
9 अप्रैल: लाइनर अभिषेक सोनी और ऋषिकेश सोनी गिरफ्तार, संदीप सिंह को आगरा से हिरासत में लिया गया। संदीप सिंह की निशानदेही पर उसके घर से उसकी मां उषा देवी की ओर से मिट्टी में छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
बरामदगी का विवरण
156.44 ग्राम सोना (कीमत करीब 21 लाख रुपए)
8.630 किलो चांदी (कीमत करीब 23 लाख रुपए)
कुल बरामदगी: लगभग 44 लाख रुपए की ज्वेलरी
8 मोबाइल और 4 मोटरसाइकिल बरामद
दरभंगा में शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधी।
दरभंगा एसएसपी ने कहा कि इस पूरे ऑपरेशन में दरभंगा पुलिस, बिहार STF और अन्य जिलों की पुलिस टीमों की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने बताया कि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। घटना में अब तक कुल 20 लोगों की संलिप्ता सामने आई है।पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई पूरी ज्वैलरी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसएसपी ने कहा कि टीम के लगातार प्रयास से इतनी बड़ी सफलता कम समय में मिली है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
