दलसिंहसराय:स्कूल की बस अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलटी,हादसा टला
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर.प्रखंड क्षेत्र के घटहो-विद्यापतिनगर मुख्य सड़क पर बुधवार की सुबह गढसीसई मठ चौक के समीप एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक स्कूली बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हालांकि बस में बच्चे सवार नहीं थे, बावजूद इसके दुर्घटना के बाद अफ़रा-तफ़री की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलोरिया हाई स्कूल की बस विद्यार्थियों को स्कूल छोड़ने के बाद विद्यापतिनगर की ओर जा रही थी।
इसी दौरान अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में जा गिरी। उधर विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बस गैरेज से रीपेयर होकर आई थी, जिसका ट्राईल किया जा रहा था। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला।