मैट्रिक में दलसिंहसराय की बेटी सायना प्रवीण ने बिहार में पाया 8वां स्थान,डॉक्टर बनने का सपना
दलसिंहसराय,दसवीं का रिजल्ट जारी होते ही क्षेत्र में हर्ष का माहौल छा गया.जिसमें दलसिंहसराय शहर के वार्ड संख्या 6 की छात्रा सायना प्रवीण ने पूरे बिहार में आठवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.सायना की इस उपलब्धि से परिवार,स्कूल और पूरे शहर में खुशी का माहौल है.परिणाम घोषित होते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया. बालिका इंटर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य जितेंद्र सिन्हा सहित अन्य शिक्षक सायना के घर पहुंचे और उसे सम्मानित व मुँह मीठा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सायना ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और अनुशासन व माता पिता बहन को दिया.उसने बताया कि वह घर पर ही रोजाना करीब सात घंटे पढ़ाई करती थी.कठिन विषयों को समझने के लिए उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और यूट्यूब का भी सहारा लिया,जिससे पढ़ाई में काफी मदद मिली. सायना की माता जीनत प्रवीण और पिता आफताब आलम ने उसकी पढ़ाई में हर संभव सहयोग किया.सायना प्रवीण साइंस व उर्दू में 98 अंक लाई.वहीं,उसकी बड़ी बहन जोया प्रवीण भी जिला टॉपर रह चुकी है.जोया प्रवीण ने भी खासकर साइंस विषय में उसकी काफी मदद की और कठिन टॉपिक्स को सरल तरीके से समझाया.शिक्षकों के अनुसार,वह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और हर विषय में उसकी मजबूत पकड़ रही है।
उसकी मेहनत और लगन अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है.भविष्य को लेकर सायना का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है.उसकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
