समस्तीपुर: बंधक बाइक लेने पहुंचे व्यक्ति ने पीटा:चार लोग घायल
समस्तीपुर के रुदौली गांव में बंधक रखी मोटरसाइकिल जबरन लेने पहुंचे एक व्यक्ति ने एक ही परिवार के चार सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना की सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों की पहचान रहीमपुर रुदौली वार्ड 41 निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रंगीला देवी, भतीजा राजू कुमार और मां कुमर देवी के रूप में हुई है। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉ. कुमार उत्कर्ष की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
सभी घायलों को अंदरूनी चोटें आई
डॉक्टर ने बताया कि सभी घायलों को अंदरूनी चोटें आई हैं, जिनका एक्स-रे कराया जा रहा है। एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद आगे का इलाज किया जाएगा।
घायल रंगीला देवी ने बताया कि उनके गांव के बैजनाथ सहनी ने पांच महीने पहले 10 हजार रुपये में अपनी मोटरसाइकिल उनके पास बंधक रखी थी। आज बैजनाथ सहनी जबरन मोटरसाइकिल लेने उनके घर पहुंच गया।
मारपीट के बाद घायलों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
रंगीला देवी द्वारा विरोध करने पर बैजनाथ सहनी आक्रोशित हो गया और उसने रंगीला देवी, उनके पति जितेंद्र कुमार, सास कुमर देवी और भतीजे राजू कुमार के साथ मारपीट की, जिससे वे सभी घायल हो गए.मुफस्सिल थाने में कार्यरत 112 पुलिस टीम की महिला पदाधिकारी सीमा रानी ने बताया कि 112 पर कॉल आने के बाद टीम रहीमपुर रुदौली पहुंची और चारों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्हें मारपीट की सूचना मिली है। घायलों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
