सरैया में भीषण सड़क हादसा में जीजा-साले की मौत: तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड क्षेत्र में सोमवार (26 जनवरी) को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना रेवा घाट के पास गिरी चौक पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान जीजा-साले के रूप में हुई है। सरैया के रेवा गांव निवासी विश्वजीत सिंह अपने साले आदित्य के साथ छपरा जिले के परशुरामपुर स्थित ससुराल जा रहे थे।उनकी बाइक जैसे ही रेवा घाट के पास गिरी चौक पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विश्वजीत व आदित्य सड़क पर गिर गए।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सरैया थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया। सरैया थाना प्रभारी सुभाष मुखिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक के संबंध में कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे की खबर मृतकों के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
