समस्तीपुर में देवर ने भाभी को मारपीट कर सल्फास खिलाया: अस्पताल में भर्ती
समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा इलाके में कटहल के पेड़ के विवाद में एक देवर ने अपनी भाभी को मारपीट कर सल्फास खिला दिया। गंभीर हालत में महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।पीड़ित महिला की पहचान मोरवा गोदियारी वार्ड 10 निवासी मिंटू राय की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देवर अर्जुन राय का कटहल के एक पेड़ को लेकर अपनी भाभी से लगातार विवाद चल रहा था।
महिला की बेटियों ने बेहोशी की हालत में अस्पताल में कराया एडमिट
गीता देवी की बेटी सुरुचि कुमारी ने बताया कि उनके चाचा अर्जुन राय ने आज इसी विवाद के चलते उनकी मां को मारपीट कर जबरन सल्फास की गोली खिला दी। हल्ला सुनकर सुरुचि और उनकी बहनें मौके पर पहुंचीं और मां को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गईं।
अस्पताल में एडमिट महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुरुचि ने बताया कि उनके पिता मिंटू राय दुर्घटना के कारण चल नहीं सकते, इसलिए उन्होंने अपनी बहनों के साथ मिलकर मां को सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया। आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर वीरेंद्र झा की देखरेख में महिला का इलाज शुरू किया गया।
डॉक्टर बोले- महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है
डॉक्टर झा ने बताया कि महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।इस घटना के संबंध में ताजपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है और जांच के लिए पुलिस टीम गांव भेजी गई है। पीड़ित परिवार द्वारा लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
