दलसिंहसराय में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का किया बहिष्कार, निकाला प्रतिरोध मार्च
दलसिंहसराय,अधिवक्ताओं के मान-सम्मान और न्यायालय की गरिमा की रक्षा की मांग को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ता संघ दलसिंहसराय के सदस्यों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया.इस दौरान अधिवक्ताओं ने शहर में प्रतिरोध मार्च निकालकर विरोध जताया और सभा आयोजित किया.अधिवक्ताओं का विरोध इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अजय भनोट की ओर से अधिवक्ताओं के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी और अभद्र भाषा के साथ ही एसीपी मनस्वी वशिष्ठ एवं एक एसआई के कथित अमर्यादित व्यवहार को लेकर था.सभा में वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं.उनके मान-सम्मान और न्यायालय की गरिमा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अधिवक्ता संघ ने अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम जल्द लागू करने, न्यायमूर्ति अजय भनोट की कथित टिप्पणी को लेकर उचित कार्रवाई करने तथा एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और संबंधित एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.इस संबंध में संघ की ओर से मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दलसिंहसराय को मांग पत्र भेजा गया है.इसकी प्रतिलिपि इलाहाबाद हाईकोर्ट और पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को भी भेजी गई है.विरोध प्रदर्शन में संघ के महासचिव राजीव रंजन सिन्हा, अध्यक्ष प्रभात कुमार चौधरी, अमलेंदु भूषण सिन्हा, जगन्नाथ झा, उग्र नारायण कमल, विनोद समीर, धनेश्वर दास सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए.