बछवाड़ा में बस की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत:नाना का अंतिम संस्कार करके लौट रहे थे
बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा मोहनिया ढाला और चिमनी ढाला के बीच हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
हालांकि, बछवाड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सड़क की जर्जर हालत को लेकर लोगों में गुस्सा था।।
प्रत्यक्षदर्शी के के अनुसार, सड़क पर गहरे गड्ढों की वजह से बाइक सवार दोनों युवक किनारे से निकल रहे थे, तभी पीछे से आ रही बस ने टक्कर मार दी। जिसके बाद बस का पहिया दोनों के सिर पर चढ़कर गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया है।
समस्तीपुर जिले के रहने वाले थे युवक
मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा थाना रोड स्थित बिशनपुर दिगम्बरा गांव निवासी गोपाल सिंह के लगभग 23 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार और कुंदन सिंह के लगभग 22 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है।
नाना के अंतिम संस्कार से घर लौट रहे थे
परिजन चंदन सिंह और केशव सिंह ने बताया कि दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा थे और अंशु के नाना का अंतिम संस्कार करने के बाद बाढ़ बख्तियारपुर स्थित करजान गांव से लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि गुलशन पढ़ाई और अंशु एक होटल में काम करता था एवं मृतक अपने माता-पिता के बड़े पुत्र थे।स्थानीय और राहगीरों सुंदरी देवी, सियाराम पासवान, छोटू कुमार, सरोज कुमार और शेर सिंह ने बताया कि दोनों युवक तेघड़ा की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान मोहनिया ढाला के पास गड्ढों से बचने के लिए वे किनारे से निकल रहे थे, तभी पीछे से आई बस ने उन्हें कुचल दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
थाना प्रभारी विकाश कुमार राय, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम, एसआई गितेंद्र उपाध्याय और जितेंद्र कुमार ने परिजन एवं आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर करीब 3 घंटे बाद सड़क जाम को समाप्त कराया और पोस्टमार्टम के लिए दोनों शव को सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा गया।
24 घंटे में 4 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे में थाना क्षेत्र के अरवा, चिरंजीवीपुर, मोहनिया ढाला सहित चार सड़क दुर्घटनाएं हुई, जहां तीन युवक और एक व्यक्ति की मौत हो गई।इस संबंध में थाना प्रभारी विकाश कुमार राय ने बताया सड़क दुर्घटना में मोहनिया ढाला के समीप दो युवक की मौत हुई है, मृत दोनों युवक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
