महिलाएं घर से निकल रही, पुरुष बच्चों को संभाल रहे’:डिप्टी सीएम
समस्तीपुर,जीविका बिहार में एक शांतिपूर्ण सामाजिक क्रांति है, जिसने पूरे समाज में महिलाओं की स्थिति को बदलकर रख दिया। 20 वर्षों में जीविका से जुड़कर ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले महिलाएं घर तक सीमित रहकर घरेलू कामकाज और बच्चों की देखभाल करती थीं, जबकि पुरुष रोजगार के लिए बाहर जाते थे। अब स्थिति बदल गई है। महिलाएं रोजगार के लिए घर से बाहर निकल रही हैं और पुरुष घर पर बच्चों की देखभाल कर रहे हैं।
यह बात बिहार सरकार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने शुक्रवार को समस्तीपुर में आयोजित ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के दौरान कही। जिला जदयू महिला प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं पहले एक-एक पैसे के लिए मोहताज रहती थीं। जीविका समूहों से जुड़ने के बाद वे सम्मानजनक आय अर्जित कर रही हैं। इससे परिवार के भरण-पोषण में मदद मिल रही है। जरूरत पड़ने पर महिलाएं परिवार की आर्थिक मदद भी कर रही हैं।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 साल पहले महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में बदलाव के उद्देश्य से जीविका की शुरुआत की थी। आज जीविका 20 वर्ष की हो चुकी है और इस दौरान महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि नीतीश कुमार ने स्वेच्छा से मुख्यमंत्री पद छोड़कर सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार के गठन का रास्ता तैयार किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में जिस तरह जीविका समूहों को सरकार का सहयोग मिलता रहा, उसी तरह का सहयोग सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में भी मिलता रहेगा।
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि 20 वर्षों में सामाजिक और आर्थिक बदलाव का असर बैंकिंग व्यवस्था पर भी पड़ा है। पहले लोग ऋण लेने के लिए बैंक के चक्कर लगाते थे, इसके बावजूद उन्हें आसानी से लोन नहीं मिल पाता था। अब स्थिति बदल गई है। जीविका समूहों को ऋण देने के लिए बैंक खुद तत्पर रहते हैं और बैंकिंग सुविधाएं महिलाओं तक पहुंच रही हैं।
अनंत सिंह की गतिविधियों पर पार्टी की नजर
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि अनंत सिंह की गतिविधियों पर पार्टी की नजर है। पार्टी सभी पहलुओं को देख रही है।चिराग पासवान की ओर से सरकार पर उठाए गए सवालों के संबंध में उन्होंने कहा कि वे एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं। बिहार में सरकार अच्छी तरह चल रही है। कुछ मुद्दों पर मनमुटाव हुआ होगा, जिसे बातचीत के जरिए दूर कर लिया जाएगा।कार्यक्रम को हसनपुर विधायक राजकुमार राय, वारिसनगर विधायक मंजरिक मृणाल, पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना और समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। मौके पर अनस रिजवान, अमित कुमार मुन्ना समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने की।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
