वर्दी पहनकर ड्यूटी करता पकड़ा गया बिहार पुलिस का फर्जी पुलिस कर्मी
पटना।मोतिहारी,नगर थाना क्षेत्र के कचहरी चौक स्थित आनंदधाम जगदंबा मंदिर के पास खाकी वर्दी पहनकर फर्जी ड्यूटी कर रहा एक युवक पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ठीकहां भवानीपुर निवासी मनोज राउत के रूप में हुई है, जो फिलहाल अगरवा कब्रिस्तान के पास किराए के मकान में रह रहा था। मंदिर परिसर के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों को मनोज की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब उससे कमान पत्र और जिला पदाधिकारी का संयुक्त आदेश मांगा गया, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
अधिकारियों को सूचना देने के बाद जब पुलिस उसके किराए के मकान पर पहुंची, तो तलाशी में पुलिस की एक और वर्दी, थ्री स्टार और बैच बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह खुद से ही अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी करता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह कब से इस तरह फर्जी पुलिस कर्मी बनकर घूम रहा था और क्या उसने लोगों से अवैध वसूली भी की है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन के अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। गौरतलब हो कि 14 जुलाई को भी स्टेशन परिसर से पवन कुमार नामक एक फर्जी सिपाही को गिरफ्तार किया गया था, जो नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और पुलिस की वर्दी पहनकर रौब झाड़ने का काम कर रहा था।