Muzaffarpur

दरवाजे पर जला दिया नवविवाहिता का शव:9 महीने पहले हुई थी शादी, हत्या का आरोप

मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के राजवाड़ा डीह गांव में गुरुवार शाम नवविवाहिता गुंजा कुमारी (19) का अंतिम संस्कार उसके ससुराल के दरवाजे पर ही कर दिया गया। सुबह कमरे में उसका शव मिलने के बाद मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था।मायके पक्ष ने पति समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

‘कमरे में शव पड़ा था’

 

 

मृतका के मामा छोटू कुमार ने बताया कि राजवाड़ा गांव के वार्ड सदस्य ने फोन कर गुंजा की मौत की जानकारी दी। इसके बाद गांव में रहने वाली उनकी बहन चंद्रकला देवी ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग शव को जलाने की तैयारी में हैं। मौत की सूचना बुधवार देर रात करीब 12 बजे मायके वालों को मिली थी।

 

जानकारी मिलने पर वे आनन-फानन में कांटी से राजवाड़ा डीह पहुंचे। वहां गुंजा का शव कमरे में पड़ा था और उसके गले पर निशान थे। इसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा।गुरुवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर राजवाड़ा डीह पहुंचे। इसके बाद ससुराल के दरवाजे पर ही गुंजा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से उसका पति कुंदन कुमार, बड़ा भाई चंदन पासवान और ससुराल के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

 

मेले में हुआ प्यार, भागकर की थी शादी

 

गुंजा कांटी थाना क्षेत्र के रंजीत पासवान की बेटी थी। उसके मामा छोटू कुमार के अनुसार, वर्ष 2024 में झपहां के पास सिमराहा चतुरभुज गांव में रुद्र महायज्ञ लगा था। मेला घूमने के दौरान गुंजा और कुंदन की जान-पहचान हुई। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया और दोनों ने भागकर शादी कर ली। परिवारों को इसकी जानकारी मिलने के बाद आपसी सहमति से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार फिर से शादी कराई गई। दोनों की शादी 23 जनवरी 2026 को हुई थी।

 

गुंजा की नानी सिया जानकी देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही कुंदन दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। धनतेरस के मौके पर दहेज का सामान देने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।मामा के अनुसार, करीब तीन महीने पहले गुंजा मायके चली गई थी। बाद में पंचायत के फैसले के बाद उसका पति उसे वापस ससुराल ले आया था।

 

परिजनों ने आवेदन में पति कुंदन कुमार, उसके भाई चंदन पासवान, बहन प्रियंका देवी और भाभी सुलेखा देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि विवाहिता की मौत के बाद हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। लोगों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद ससुराल के दरवाजे पर शव जलाए जाने की सूचना मिली है। इस मामले में भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *