फतुहा- वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, मौत:धोबा पुल के पास हादसा
पटना।फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत फतुहा-दानियावां मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। यह हादसा धोबा पुल के पास हुआ।मृतकों की पहचान नालंदा के बिहारशरीफ स्थित राणा बीघा निवासी स्व राधे श्याम महतो के 50 वर्षीय अरविंद प्रसाद आर्य और उनके 25 वर्षीय पुत्र ज्ञानदेव कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र पटना से अपनी बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतुहा थाना क्षेत्र के धोबा पुल के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। इसी बीच, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और रौंदते हुए फरार हो गया।
मौके पर जुटी लोगों की भीड़
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फतुहा थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान होने के बाद पुलिस ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को देखते ही फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों के चीख-पुकार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के घर में कमाने वाले सिर्फ यही पिता और पुत्र थे। 25 वर्षीय ज्ञानदेव कुमार अपने घर का इकलौता चिराग था। ज्ञानदेव के परिवार में उसका एक साल का एक छोटा बच्चा भी है।
पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी
फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेज दिया गया था। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है तथा शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
