4 साल से लापता पिता को परिवार ने मृत माना:पुतला बनाकर डीजे के साथ किया अंतिम संस्कार
पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव के शंकर साव उर्फ झूरी साव (65) चार साल पहले लापता हो गए थे। अब उनके परिवार ने उन्हें मृत मानकर पुतला बनाया और उमानाथ सती स्थान घाट पर अंतिम संस्कार किया।परिजन पुतले को सजा-धजाकर डीजे के साथ गांव से घाट तक ले गए। परिवार ने अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं। इसके बाद मृत्यु भोज करने की भी तैयारी है।
बेटा बोला- पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ थे
शंकर साव के बेटे बटोरन साव ने बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। चार साल पहले वे उन्हें इलाज के लिए बिहार शरीफ के रामचंद्रपुर ले गए थे। वहां खाने का सामान लेने के लिए पिता को छोड़कर गए, तो वे लापता हो गए।बटोरन ने बताया कि उन्होंने पिता को काफी तलाशा और थाने में आवेदन भी दिया था। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। गांव के लोगों ने भी परिवार को पुतले का अंतिम संस्कार करने की सलाह दी।
परिवार में चर्चा के बाद बटोरन ने गांव के लोगों के साथ यह रस्म पूरी की। उन्होंने कहा कि वे अब भी पिता को तलाश रहे हैं, लेकिन उनके मिलने की उम्मीद नहीं है। अंतिम संस्कार के बाद परिवार बाकी रस्में भी करेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
