दलसिंहसराय:हाइवा और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में नाना की मौत,नाती जख्मी
दलसिंहसराय के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सातनपुर स्थित बहिरा चौर के पास एनएच 28 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. तेज रफ्तार हाइवा और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं इस डरावनी घटना में बाइक चला रहा उनका एक रिश्तेदार (नाती) गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार को सातनपुर के पास एनएच 28 पर एक तेज रफ्तार हाइवा और बाइक की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे. इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगा. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
मृतक की हुई पहचान, नाती गंभीर रूप से घायल
मृतक बुजुर्ग की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के ही चांदचौर मथुरापुर गांव निवासी 75 वर्षीय चंद्रकांत चौधरी के रूप में हुई है. वहीं गंभीर रूप से जख्मी युवक की पहचान दलसिंहसराय निवासी हरेंद्र चौधरी के 28 वर्षीय पुत्र रविनंदन कुमार के रूप में बताई गई है. जानकारी के अनुसार जख्मी युवक और मृतक बुजुर्ग आपस में रिश्तेदार (नाती और नाना) हैं, जो किसी काम से बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे.
दुर्घटना के बाद भाग रहे हाइवा को पुलिस ने किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे अनियंत्रित हाइवा को पड़ोसी क्षेत्र दलसिंहसराय से सफलतापूर्वक जब्त कर लिया. हालांकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच 28 पर यातायात भी बाधित हो गया था.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सदर अस्पताल
उजियारपुर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात सुचारू कराया. मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी जांच और फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
