गंगा नदी पर बने 2400 करोड़ के नए रेल पुल पर दौड़ी ट्रेनें, देखें पूरा डिटेल
समस्तीपुर रेल मंडल से जुड़े यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. गंगा नदी पर बने राजेंद्र सेतु के नवनिर्मित रेल पुल पर ट्रेनों का परिचालन विधिवत शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही 20 सितंबर से हावड़ा जाने वाली जो ट्रेनें प्रभावित चल रही थीं, वे सभी आज से रेगुलर हो चुकी हैं. अब समस्तीपुर से हावड़ा और कोलकाता जाने वाली अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय सारणी के अनुसार ही परिचालित होंगी.
सीआरएस से मंजूरी मिलते ही नई रेल लाइन पर परिचालन शुरू
पूर्वी सर्किल कोलकाता के रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) गुरु प्रकाश ने माल और यात्री परिवहन के लिए बनाए गए इस नवनिर्मित पुल का विद्युतीकरण और दोहरीकरण के साथ सुरक्षा निरीक्षण किया था. सीआरएस से औपचारिक प्राधिकार पत्र प्राप्त होते ही इस नए पुल पर रेल परिचालन तुरंत शुरू कर दिया गया. गंगा नदी पर इस नए पुल के चालू होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को आपस में जोड़ने के लिए एक अतिरिक्त रेल मार्ग उपलब्ध हो गया है, जिससे रेल यातायात में भारी सहूलियत होगी.
Rajendra Setu New Rail Bridge: 2400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ आधुनिक डबल लाइन पुल
सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि 2400 करोड़ रुपये की लागत से बने इस नए रेल पुल का निर्माण पुराने राजेंद्र पुल के समानांतर पटना छोर की तरफ 50 मीटर की दूरी पर किया गया है. यह पूरा प्रोजेक्ट करीब 15.5 किलोमीटर लंबा है, जिसमें गंगा नदी पर 1.9 किलोमीटर का मुख्य स्पैन शामिल है. इसमें 17 स्टील स्पैन और 3.6 किलोमीटर का रेल वायडक्ट बनाया गया है. इसके साथ ही 8 लघु पुल, 2 रोड ओवर ब्रिज (ROB) और 3 रेल ओवर रेल (ROR) का निर्माण भी पूरा किया गया है.
तीन लाइनों से ढाई गुना बढ़ेगी रेलवे की ट्रैफिक क्षमता
इस नई परियोजना को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि नए पुल के दोनों छोर पुराने स्टेशनों से ही जुड़े रहें. यह उत्तर में हाथीदह, टाल, रामपुर डुमरा और दक्षिण में राजेंद्रपुल व बरौनी स्टेशनों से जुड़ा है. नवनिर्मित डबल लाइन के साथ-साथ पुराने राजेंद्र सेतु से भी ट्रेनों की आवाजाही जारी रहेगी. इस तरह अब यहां कुल तीन रेल लाइनें उपलब्ध हो गई हैं, जिससे उत्तर-पूर्व भारत की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पैसेंजर व मालगाड़ियों का परिचालन 2.5 गुना तक बढ़ जाएगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
