Patna

प्रधानाध्यापक गिरफ्तार,दोनों शिक्षक होंगे बर्खास्त; डुमरांव दुष्कर्म मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी

पटना.बक्सर के डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय नथुनी अहिर के डेरा में छात्राओं के साथ दो शिक्षकों द्वारा कथित तौर पर किए गए गंभीर दुर्व्यवहार के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को दोनों आरोपित शिक्षकों को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की घोषणा की. उन्होंने अधिकारियों को मामले में कानूनी और विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी के निर्देश

शिक्षा मंत्री ने बक्सर एसपी को निर्देश दिया है कि दोनों आरोपित शिक्षकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए. मंत्री ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करायी जाए, ताकि पीड़ित छात्राओं को जल्द न्याय मिल सके.इधर, मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है. खास बात यह है कि इमाम अली अंसारी का चयन राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ था. घटना के बाद जिला शिक्षा विभाग ने उन्हें पुरस्कार से वंचित करने के लिए विभाग को पत्र भेजा है.

 

आरोपी शिक्षकों की तलाश में छापेमारी तेज

डुमरांव के मध्य विद्यालय नथुनी अहिर के डेरा में छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और धमकी देने के आरोपों को लेकर डुमरांव के बीईओ को शोकॉज किया गया है. वहीं, दोनों आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है.

 

होटलों में भी पुलिस ने खंगाले कमरे

पुलिस बुधवार सुबह से ही डुमरांव में सक्रिय रही. वायरल वीडियो में नजर आ रहे कमरे की पहचान के लिए शहर के विभिन्न होटलों की भी जांच की गयी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित वीडियो कहां बनाया गया था. इस मामले में एक पीड़िता की मां के बयान पर प्रधानाध्यापक और दोनों आरोपित शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

 

देह व्यापार के आरोप पर एसपी ने कही यह बात

बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि दोनों आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है. पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर जांच की है और ग्रामीणों से भी जानकारी ली है. उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.कुछ लोगों द्वारा विद्यालय की पास आउट छात्राओं से देह व्यापार कराने के आरोप के संबंध में एसपी ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है. जांच के दौरान यदि इस तरह की कोई बात सामने आती है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

वायरल वीडियो में दिख रही छात्रा को लेकर भी जांच

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अपने प्रतिवेदन में दावा किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही लड़की विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा नहीं है. पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और इससे जुड़े सभी आरोपों की जांच कर रही है.ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर विद्यालय में पदस्थापित सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और विद्यालय अध्यापक अरविंद कुमार पर छात्राओं के साथ दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और ऑडियो के माध्यम से धमकी देने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस मामले में साक्ष्यों और सभी संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *