गंगा का उफान थमा…दियारा के घरों से निकला पानी, घर लौटने लगे लोग
पटना में गंगा के जलस्तर में पिछले 24 घंटे के दौरान 11 सेमी की गिरावट आई है, लेकिन अब भी दीघा घाट पर लाल निशान से 46 सेमी और गांधी घाट पर 115 सेमी ऊपर बह रही है। पुनपुन नदी के जलस्तर में भी 9 सेमी की कमी आई है। लेकिन, अब भी श्रीपालपुर में लाल निशान से 116 सेमी ऊपर बह रही है, जिससे आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांव पानी से घिरे हैं। नकटा दियारा के घरों से पानी निकलने से शरणार्थी राहत शिविरों से लौटने लगे हैं।
हालांकि, घर वापसी की राह आसान नहीं है। स्थानीय ग्रामीण अभिषेक कुमार ने बताया कि नावें कम होने के कारण मवेशियों को दियारा ले जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस वजह से दीघा के मीनार घाट स्थित राहत शिविर को पूरी तरह खाली होने में अभी तीन-चार दिन का वक्त लगेगा। उधर, पुरानी पानापुर के सरपंच रामनाथ राय ने बताया कि पानी उतरने के बाद गांवों में संक्रामक बीमारियों और विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। खेत और फसलें जलमग्न होने से पशुचारा का संकट पैदा हो गया है।
उत्तर बिहार की चार नदियां लाल निशान से ऊपर
कोसी का जलस्तर खगड़िया जिले के बलतारा में खतरे के निशान से 121 सेमी, कटिहार के कुरसेला में 144 सेमी, बागमती का मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में 84 सेमी, बूढ़ी गंडक का खगड़िया में 168 सेमी, घाघरा नदी का सीवान के दरौली में 62 सेमी और गंगपुर में 16 सेमी ऊपर है। गंडक लाल निशान से नीचे हो गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
