दानापुर में सिपाही ने बहन को मारी गोली, खुद भी किया शूट:कमरे में एक ही बेड पर मिले शव
पटना.दानापुर में मंगलवार रात बिहार पुलिस के सिपाही ने अपनी बहन को गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी शूट कर लिया। दोनों भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नासरीगंज के मिथिला कॉलोनी की है।मृतकों की पहचान ओमचंद्र उर्फ सोनू(30) और उनकी बहन गायत्री देवी(21) के रूप में हुई है। ओमचंद्र की पोस्टिंग मोतिहारी थी। गायत्री की शादी हो चुकी थी।
एक ही बेड पर मिले शव
सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने छेनी और हथौड़ी की मदद से उसे खोला। पुलिस को तीसरी मंजिल के एक कमरे में भाई-बहन के शव एक ही बेड पर मिले।
मौके पर सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार और थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 33 गोलियां और दो खोखे बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के रहने वाले ओम चंद्र अपने एक भाई और दो बहनों के साथ एक साल पहले मिथिला कॉलोनी स्थित ब्रजेश सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर रहने आए थे। ओम चंद्र को अनुकंपा पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी और वह मोतिहारी में सिपाही के पद पर तैनात था। वह कभी-कभी अपने भाई-बहनों से मिलने आता था। उनका छोटा भाई उमानाथ फ्लिपकार्ट में काम करता है।
मृतक के भाई उमानाथ ने बताया कि बहन गायत्री की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसकी शादी बक्सर जिले के गायघाट में हुई थी, लेकिन ससुराल वाले उसकी खराब मानसिक स्थिति के कारण उसे अपने पास नहीं रखना चाहते थे। उसका इलाज मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में चल रहा था। ओम चंद्र उसे तीन महीने पहले ही अस्पताल से घर लाए थे।
ओम चंद्र की शादी भी पूर्णिया के जुरैल में तय हो गई थी और 30 नवंबर को होनी थी। वह इस बात से बहुत खुश था, लेकिन परिवार को लेकर हमेशा तनाव में रहता था। ओम चंद्र दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। सोमवार को उसने दोस्तों के साथ पार्टी भी की थी।उमानाथ ने बताया कि बहन आसपास की दुकानों से उधार सामान लेती थी। दुकानदार बकाया पैसे के लिए ओम चंद्र से भी मांग करते थे। कुछ दुकानदारों ने हाल ही में ओम चंद्र से भी बकाया राशि मांगी थी।
‘घर में सिर्फ भाई-बहन मौजूद थे’
इस संबंध में सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि मृतक ओम चंद्र मोतिहारी जिले में सिपाही के पद पर तैनात था वारदात के समय घर में केवल भाई-बहन थे। ओम चंद्र ने आपसी विवाद में तनाव में आकर पहले बहन को गोली मारा फिर खुद अपने आप को गोली मार कर खुदकुशी कर ली।घटनास्थल से सर्विस रिवाल्वर बरामद किया गया है। इसके अलावा एक खोखा मिला है। विभाग की ओर से मिले अन्य बुलेट भी बरामद किया गया है। घटना के पीछे बहन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इसी वजह से इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। फिलहाल दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बाकी पुलिस छानबीन कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
