रेलवे यार्ड में कोचों से तांबे के तार की चोरी:आरपीएफ ने चार नाबालिगों को रंगे हाथ पकड़ा
समस्तीपुर के हसनपुर रोड रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़े कोचों से अंडर गियर की तांबे की तार चोरी करते चार नाबालिगों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रंगे हाथ पकड़ा है। यह कार्रवाई आरपीएफ हसनपुर रोड के सहायक उप निरीक्षक संजीत प्रसाद और प्रधान आरक्षी रंजीत कुमार ने की।
आरपीएफ के मुताबिक, यार्ड में रेलवे कोचों की जांच के दौरान चारों नाबालिग संदिग्ध हालत में मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से कटी और आधी छीली हुई तांबे की तार मिली। एक नाबालिग के पास प्लास्टिक के झोले में करीब 700 ग्राम तांबे की तार और एक चाकू बरामद हुआ। दूसरे के पास करीब 500 ग्राम कटी हुई तांबे की तार मिली।
तीसरे नाबालिग के पास लगभग चार मीटर लंबी नीले प्लास्टिक से ढकी तांबे की तार मिली। चौथे नाबालिग के पास लगभग 500 ग्राम छीली हुई तांबे की तार के साथ एक चाकू बरामद हुआ। बरामद तारों को देखकर लगता है कि उन्हें रेलवे कोचों के अंडर गियर से काटा गया था।पकड़े गए नाबालिगों की उम्र लगभग 11 से 13 साल के बीच है। इनमें हसनपुर थाना क्षेत्र के कुरेड़ी टोला के दो नाबालिग, बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र का एक नाबालिग और हसनपुर थाना क्षेत्र के मल्हीपुर का एक नाबालिग शामिल हैं।
आरपीएफ ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों नाबालिगों को समस्तीपुर के किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया। कोर्ट के आदेश पर सभी को रिमांड पर लेकर दरभंगा के बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल इस मामले की आगे की जांच कर रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
