छात्रा से दुर्व्यवहार के विरोध में फूंका सरकार का पुतला,आरबी कॉलेज से निकाला जुलूस
दलसिंहसराय। जमुई में 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ सड़क पर कथित अभद्रता और दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में मंगलवार को एसएफआई एवं एआईएसएफ के छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया। आरबी कॉलेज दलसिंहसराय की दोनों छात्र संगठनों की इकाई की ओर से बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम की शुरुआत आरबी कॉलेज के आईबी रोड स्थित मुख्य गेट से जुलूस निकालकर हुई। जुलूस में शामिल छात्र-छात्राएं नारेबाजी करते हुए कॉलेज के तीसरे नंबर गेट पर पहुंचे। यहां सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता आरबी कॉलेज इकाई एस एफ आई के अध्यक्ष कुंदन कुमार ने की।
सभा को संबोधित करते हुए कुंदन कुमार ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन जमुई की घटना गंभीर सवाल खड़े करती है। छात्राओं को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग आने-जाने के दौरान सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने ऐसी घटनाओं में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एआईएसएफ बेगूसराय जिला सचिव सत्यम भारद्वाज ने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एस एफ आई के कॉलेज इकाई सचिव मोनू कुमार ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। पीड़िता को न्याय दिलाने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
छात्र नेताओं ने शिक्षण संस्थानों और आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा महिलाओं एवं नाबालिग छात्राओं से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की मांग की। मौके पर ऋषिकेश कुमार, आलोक कुमार, राजकुमार, कन्हैया कुमार, शांतनु कुमार, राहुल कुमार, सिद्धार्थ, भास्कर, सचिन यादव, रोशन कुमार, रोहित कुमार, अमित यादव दुर्गेश कुमार, सुमित कुमार, साकेत कुमार, निशांत कुमार सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभा के अंत में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
