महिला अमीन की मौत,पिता बोले- बॉयफ्रेंड टॉर्चर करता था:21 लाख और कार मांगने लगा; राजस्व कर्मचारी पर FIR
खगड़िया में 2 दिन पहले महिला अमीन बरखा रानी किराए के घर में फंदे से लटकी मिली थी। इस मामले में बरखा के पिता विभूति भूषण ने बॉयफ्रेंड पर टॉर्चर का आरोप लगाया है।उन्होंने इसको लेकर थाने में शिकायत की है। उनका कहना है कि राजस्व कर्मचारी रत्नेश कुमार और बरखा के बीच अफेयर था। दोनों शादी करने वाले थे। । आखिरी वक्त पर रत्नेश ने 21 लाख कैश और कार की डिमांड कर दी।
कैश और कार नहीं देने पर वो शादी करने से इनकार करने लगा। वो बरखा को वॉट्सऐप कॉल करके टॉर्चर भी करता था। पुलिस ने बॉयफ्रेंड के खिलाफ केस दर्ज किया है।रोज की तरह बरखा अपने किराए के घर में सोई थी। 29 जुलाई की सुबह दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक को शक हुआ। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया। इसके बाद रौशनदान से झांककर देखा तो अंदर बरखा फंदे से लटकी थी।
मकान मालकिन वीणा पंडित ने बताया कि बरखा रानी पिछले 3-4 सालों से मकान में किराए पर रह रही थी। मैं खुद दूसरे मकान में रहती हूं। इस मकान में मेरा बेटे और बहू रहते हैं।बुधवार सुबह जब बरखा रानी ड्यूटी पर नहीं गईं तो मेरा बेटा उसे जगाने के लिए कमरे के बाहर गया। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसी दौरान नीचे कपड़े धो रही बहू भी आवाज सुनकर ऊपर पहुंची। दोनों ने कमरे के वेंटिलेटर से अंदर झांककर देखा तो बरखा रानी पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई थी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।बरखा रानी बेहद शांत और अच्छे स्वभाव की थी। वे उसे परिवार के सदस्य की तरह रखते थे। उसके कमरे पर किसी का आना-जाना नहीं था और उसके संबंध में कभी किसी प्रकार की शिकायत भी नहीं मिली।
पिता बोले- रत्नेश बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था
बरखा रानी के पिता ने बताया कि बेटी के मोबाइल फोन की जांच में रत्नेश कुमार के साथ हुई वॉट्सऐप चैट, वीडियो कॉल और ऑडियो कॉल से जुड़े कई साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराया है।पिता के आवेदन पर पुलिस ने रत्नेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया है कि बरखा रानी और रत्नेश कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। रत्नेश ने कथित तौर पर शादी का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में दहेज की मांग करते हुए उसने शादी से इनकार कर दिया। इसी वजह से बरखा मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
रत्नेश कुमार का 14 जुलाई 2026 को तबादला हो गया था और उसने 17 जुलाई को नई जगह जॉइन भी कर लिया था। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत और विवाद जारी रहा। लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण ही बरखा ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है।बरखा के पिता विभूति भूषण ने बताया कि घर से परसो बेटी को छोड़कर आया था। वो कहती थी कि यहां के लोग अच्छे नहीं हैं, मुझे इसपर शक हुआ। अब यहां क्या हुआ वो भगवान जानें। सब से मिल कर रहती थी, ऑफिस से प्रेशर था काम का, मुझे बोली थी यहां बहुत काम करना पड़ रहा है। 3 साल से रह रही थी यहां, कुछ दिन में ट्रांस्फर होने वाला था।
पुलिस बोली- हर एंगल से जांच जारी है
गोगरी थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला अमीन ने दुपट्टे के सहारे छत की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली है और मोबाइल फोन सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर राजस्व कर्मचारी रत्नेश कुमार और उनके पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
