Samastipur

मोरदीवा पंचायत के मुखिया को पद से हटाने के लिए डीएम ने की कार्रवाई

समस्तीपुर.ग्राम पंचायत राज मोरदीवा के मुखिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंचायत में सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग, योजनाओं से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने, ग्रामसभा एवं ग्राम पंचायत की बैठक नहीं होने समेत कई आरोपों की जांच के बाद जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मुखिया को पद से हटाने की अनुशंसा की है।इस संबंध में डीएम ने 8 अगस्त को प्रमंडलीय आयुक्त को पत्र भेजकर आगे की कार्रवाई का अनुरोध किया है। मामला मुखिया के खिलाफ प्राप्त शिकायतों से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विजय वात्स्यायन व अन्य तथा ललिता देवी व अन्य की शिकायत पर सदर एसडीओ से जांच कराई गई थी। एसडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने मुखिया एवं पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण भी मांगा था। पत्र में कहा गया है कि अब तक अद्यतन स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके कारण जांच में लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए जाने की बात कही गई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

जांच रिपोर्ट में पंचायत की विभिन्न योजनाओं से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने का भी उल्लेख है। इसके कारण स्टेटमेंट, एमबी (मेजरमेंट बुक) सहित अन्य जानकारियों की उपलब्धता नहीं होने से जांच को पूरी तरह करना संभव नहीं होने की बात कही गई है। इसके अलावा पंचायत में स्वच्छता कर्मियों, रिक्शा चालकों एवं वार्ड स्तर के सफाई कर्मियों की नियुक्ति में मनमानी तथा ग्रामसभा और ग्राम पंचायत की बैठक नहीं होने के आरोप भी सामने आए।

 

इन मामलों से संबंधित दस्तावेज भी जांच के दौरान उपलब्ध नहीं कराए जा सके। रिपोर्ट में नए पंचायत सचिव को पुराने पंचायत सचिव से प्रभार का आदान-प्रदान नहीं किए जाने को भी गंभीर मामला माना गया है। पूर्व पंचायत सचिव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया जाना उचित प्रतीत होने की बात भी जांच प्रतिवेदन में कही गई है। डीएम के पत्र में जांच पदाधिकारी के साथ अपेक्षित सहयोग नहीं करने और पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी राशि के दुरुपयोग की बात सामने आने का उल्लेख करते हुए बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 की धारा 18(5) के तहत मुखिया को पदच्युत करने की अनुशंसा की गई है।

 

मुखिया के विरुद्ध मिले शिकायत पत्र के आधार पर कार्रवाई के लिए अनुशंषा की गई है। कमिश्नर कार्यालय में सुनवाई के बाद कार्रवाई होगी। मुखिया के द्वारा जांच में सरकारी राशि के दुरुपयोग, अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने और पंचायत कार्यों में अनियमितता के आरोप है। इन सभी मामलों की सुनवाई की जाएगी। – रोशन कुशवाहा, डीएम, समस्तीपुर

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!