Samastipur

समस्तीपुर:नाबालिग छात्रा से गैंगरेप मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़क जाम,हंगामा 

समस्तीपुर।मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को मुसरीघरारी चौराहा जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

कार्रवाई में देरी पर जताई नाराजगी

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना के सात दिन बाद भी किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उनका आरोप था कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में देरी हो रही है, जिससे लोगों का पुलिस पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है.

 

आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सड़क पर टायर जलाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया. इससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई. बाद में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की दिशा में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो गया.

 

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

गौरतलब है कि पिछले मंगलवार की शाम थाना क्षेत्र के एक गांव की नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा घर से करीब 50 मीटर दूर घास काटने गई थी. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की. बाद में वह एक मक्के के खेत में बेहोशी की हालत में मिली.

 

परिजनों ने तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पुलिस ने छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और कपड़ों को जांच के लिए सुरक्षित रखा है. परिजनों ने घटनास्थल के पास एक हस्तलिखित पत्र मिलने का भी दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का हिस्सा बताया है.

 

थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!