वैशाली में विवाहिता की मौत, बेड पर मिला बॉडी:गला दबा मर्डर का आरोप लगाया
वैशाली के राघोपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान पटना सिटी चौक थाना क्षेत्र के कैयामा निवासी दिलीप राय की बेटी रानी देवी (21) के रूप में हुई है।रानी की शादी लगभग दो वर्ष पहले राघोपुर के मेडन चौक निवासी बैजू राय से हुई थी। दंपति का एक करीब एक वर्ष का बेटा भी है।मृतका के मायके वालों के अनुसार, बुधवार रात लगभग 10 बजे ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि रानी ने फांसी लगा ली है।
शादी के बाद 2 लाख और दहेज की मांग
सूचना मिलने पर परिजन राघोपुर स्थित ससुराल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि रानी के गले पर काले निशान थे, जो फांसी लगाने के बजाय गला दबाकर हत्या किए जाने की ओर इशारा करते हैं।रानी के पिता दिलीप राय ने बताया कि शादी के समय ₹3 लाख दहेज देने की बात हुई थी, जो दे दिया गया था।इसके बावजूद ससुराल वाले ₹2 लाख और मांग रहे थे। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
मौत का कारण फिलहाल साफ नहीं
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष को रानी का मायके वालों से फोन पर बात करना पसंद नहीं था, जिसे लेकर अक्सर विवाद होता था।उन्होंने रानी के पति पर गांजा कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया है, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
