Samastipur

हाजीपुर में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी से दियारा में बढ़ा बाढ़ का खतरा, अलर्ट

हाजीपुर।गंगा नदी के जलस्तर में पिछले 24 घंटे के दौरान लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जलस्तर बढ़ने से हाजीपुर के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

दियारा के निचले इलाकों में फैल रहा गंगा का पानी

गंगा का जलस्तर बढ़ने से हाजीपुर के तेरसिया दियारा क्षेत्र के साथ बिदुपुर, महनार और देसरी प्रखंडों के निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है. कई जगहों पर बाढ़ का पानी पहुंचने से पशुपालकों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. नदी किनारे बसे लोग लगातार जलस्तर पर नजर रख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी में जुट गए हैं.

 

दियारा क्षेत्रों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी तैनात किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल मदद पहुंचाई जा सके.

 

गंडक में 1.26 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, लालगंज की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सोमवार को गंडक नदी में वाल्मीकिनगर बराज से 1 लाख 26 हजार 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. हालांकि, फिलहाल गंडक नदी का जलस्तर स्थिर बताया जा रहा है.

 

तटबंधों की लगातार हो रही निगरानी

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है. विभागीय टीमें लगातार तटबंधों और दियारा क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं. तटबंधों की सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखी जा रही है.

 

बीते दिनों आपदा विभाग के अधिकारियों ने सहदेई, महनार, देसरी और बिदुपुर के निचले इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था. अधिकारियों को बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *