Begusarai

बेगूसराय में गंगा बाया नदी किनारे 14 वर्षीय अज्ञात लड़की का शव मिलने से सनसनी

Begusarai News : बछवाड़ा. थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-3 पंचायत अंतर्गत हिरायचक गांव के समीप बुधवार की सुबह गंगा बाया नदी किनारे करीब 14 वर्षीय अज्ञात लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. गंगा स्नान के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने घाट की सीढ़ियों के पास शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

गंगा स्नान करने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा शव

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार की सुबह कुछ लोग गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर सीढ़ियों के पास पड़े शव पर पड़ी. शव देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया और कई लोग बिना स्नान किए ही वापस लौट गए. कुछ ही देर में घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

 

चेहरा पानी की ओर, सिर पर लिपटा था कपड़ा

मृतका का चेहरा पानी की तरफ था और उसके सिर पर कपड़ा लिपटा हुआ था. इस वजह से तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी. शव से दुर्गंध भी आ रही थी. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि शव करीब दो-तीन दिन पुराना हो सकता है. लोगों का कहना है कि किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नदी में बहाया गया होगा, जो पानी के बहाव के साथ हिरायचक घाट के किनारे आ लगा.

 

डूबने से मौत की भी जताई जा रही आशंका

वहीं, कुछ ग्रामीणों ने लड़की के गंगा में डूबने की आशंका भी जताई है. लोगों का कहना है कि विगत दिनों सावन महोत्सव के दौरान झमटिया गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी. संभव है कि इसी दौरान लड़की गंगा स्नान करते समय डूब गई हो और पानी में बहने के बाद उसका शव हिरायचक घाट के समीप पहुंचा हो.इसके अलावा कुछ लोगों ने आपसी दुश्मनी या प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है. हालांकि, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

 

 

एफएसएल टीम ने जुटाए आवश्यक साक्ष्य

ग्रामीणों की सूचना पर तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार एवं बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नदी से बाहर निकलवाया.

 

शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान कराने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों से लापता किशोरियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *