बेगूसराय में दिनदहाड़े किसान की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद में हत्या की आशंका
Begusarai : तेघड़ा में बेखौफ अपराधियों ने बुधवार की शाम दिनदहाड़े एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र की रातगांव पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित विसौआ गांव की बतायी जा रही है. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान रातगांव पंचायत के वार्ड संख्या 7 निवासी रामदेव चौधरी के 55 वर्षीय पुत्र विजय चौधरी के रूप में हुई है.
खेत में सब्जी तोड़ने गए थे किसान
जानकारी के अनुसार, विजय चौधरी अपने घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित खेत में लगी सब्जी तोड़ने गए थे. इसी दौरान पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, किसान को दो गोलियां लगीं और गोली लगते ही घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी.
जमीन विवाद में हत्या की चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जमीन विवाद को लेकर किसान विजय चौधरी की हत्या की गयी है. हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
एसपी और डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी. इसके बाद एसपी बेगूसराय मनीष एवं डीएसपी तेघड़ा कृष्ण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. एसपी के निर्देश पर एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
