Begusarai

बेगूसराय में क्षतिग्रस्त जमींदारी बांध की मरम्मत तीसरे दिन भी जारी, आज पूरा होने की उम्मीद

Begusarai : बछवाड़ा. प्रखंड क्षेत्र के झमटिया और बेगमसराय गांव के बीच बाढ़ के पानी के दबाव से क्षतिग्रस्त हुए जमींदारी बांध की मरम्मत का कार्य बुधवार को तीसरे दिन भी युद्ध स्तर पर जारी रहा. प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सैकड़ों मजदूर दिन-रात बांध को दुरुस्त करने में जुटे हैं. बड़ी नावों और ट्रैक्टरों के जरिए मिट्टी व बालू से भरी बोरियां लगातार घटनास्थल पर पहुंचाई जा रही हैं.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

30 मीटर तक टूट गया था जमींदारी बांध

बताया जाता है कि सोमवार की अहले सुबह अचानक करीब 30 मीटर तक जमींदारी बांध टूट गया था. इसके बाद रानी-3 पंचायत अंतर्गत गुप्ता बांध और जमींदारी बांध के बीच बसे दर्जनों घरों के चारों तरफ बाढ़ का पानी फैल गया था. साथ ही सैकड़ों एकड़ में लगी फसलें भी जलमग्न हो गयी थीं. इससे ग्रामीणों में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया था.

 

जल संसाधन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीम और वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया. समय रहते बचाव एवं मरम्मत कार्य शुरू कर स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोकने का प्रयास किया गया. विभाग के अभियंता और कर्मचारी लगातार कटाव निरोधी कार्य में जुटे हुए हैं. बांध को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए मिट्टी व बालू से भरी बोरियों की लेयरिंग की जा रही है.

 

गंगा का जलस्तर घटने से काम में आयी तेजी

इस बीच क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात है कि गंगा नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घटने लगा है. जलस्तर कम होने से बांध की मरम्मत के काम में तेजी आयी है. इससे तटवर्ती ग्रामीणों की चिंता भी कुछ कम हुई है. बड़ी नावों और ट्रैक्टरों के माध्यम से आवश्यक सामग्री घटनास्थल तक पहुंचायी जा रही है.

 

बांध की मरम्मत करते मजदूर

गुरुवार शाम तक मरम्मत पूरी होने की उम्मीद

स्थानीय अधिकारियों द्वारा बांध मरम्मत कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. अधिकारियों ने उम्मीद जतायी है कि बुधवार देर रात तक पानी के स्तर से ऊपर तक बोरियों की लेयरिंग पूरी कर ली जाएगी. इसके बाद गुरुवार शाम तक बांध की मरम्मत का कार्य पूरी तरह संपन्न होने की उम्मीद है. जल संसाधन विभाग की टीम और प्रशासनिक कर्मी लगातार मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *