मधौल नहर में थार उतारकर युवकों ने किया स्टंट,भीड़ जुटी, पहुंची पुलिस
मुजफ्फरपुर-पटना फोरलेन पर रामदयालुनगर से आगे मधौल नहर (डैम) के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ रईसजादों ने अपनी लग्जरी थार गाड़ी को सीधे नहर के गहरे पानी में उतार दिया. गाड़ी पानी में उतारने के बाद युवकों ने वहां खतरनाक स्टंटबाजी शुरू कर दी. नहर के बीचो-बीच पानी को चीरती थार और युवकों की इस जानलेवा करतूत को देख फोरलेन पर गाड़ियों के पहिए थम गए और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई.
हंगामा बढ़ते देख मौके पर ‘डायल 112’ की पुलिस टीम भी पहुंच गई. हालांकि, पुलिस के सामने ही लगभग दस मिनट तक पानी के अंदर स्टंट करने के बाद, थार सवार युवक बड़ी चालाकी से गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल कर रफूचक्कर हो गए. इस दुस्साहसिक मामले की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि थार सवार युवक स्थानीय खबड़ा और भिखनपुरा इलाके के रहने वाले हैं. पुलिस अब गाड़ी के नंबर और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर स्टंटबाजों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.