बिहार के पटना, बेगूसराय सहित 22 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी
मौसम अपडेट :बिहार में इन दिनों मौसम खुशनुमा बना हुआ है. लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से लोगों को उमस वाली गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है. ऐसे में आज भी सीमांचल, उत्तर बिहार के साथ-साथ दक्षिण बिहार के जिलों में भी मॉनसून की गतिविधियां एक्टिव रहेंगी. मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग की माने तो, आज बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, बांका, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में मौसम बिगड़ा हुआ रह सकता है. इस दौरान बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की भी संभावना बनी रहेगी.
मंगलवार को कैसा रहा मौसम?
मंगलवार की बात करें तो, पटना में दिनभर बादल छाया रहा. लेकिन थोड़ी देर के लिए धूप हुई. इसके बाद शाम होते-होते फिर बादलों ने राजधानी को घेर लिया और रात तक कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई. पटना के आस-पास के जिलों में भी कुछ ऐसी ही स्थिति रही. जबकि खगड़िया, सीतामढ़ी और कटिहार में अच्छी बारिश हुई. नालंदा और वैशाली जिले में भी दिनभर बादलों की आवाजाही रही. ऐसे मौसम की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग की माने तो, अगले तीन से चार दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा. रुक-रुककर जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. कुछ हिस्सों में लोगों को उमस वाली गर्मी परेशान भी कर सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, जुलाई के आखिरी हफ्ते में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकतीं हैं. पूरे बिहार में झमाझम बारिश का दौर देखा जा सकता है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
