दलसिंहसराय:मंदिर के पास से दबोचे गए दो अपराधी,अवैध हथियार व जिंदा कारतूस बरामद
दलसिंहसराय।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि समस्तीपुर पुलिस के सख्त निर्देशों और लगातार चलाए जा रहे छापेमार अभियानों के तहत दलसिंहसराय क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्रवाइयाँ की है.डीएसपी ने बताया कि 02 जुलाई की शाम दलसिंहसराय थाना के पु॰अ॰नि॰ सुबोध कुमार सिंह को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो संदिग्ध व्यक्ति सरदारगंज चौक स्थित काली मंदिर के पास अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं.सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना की सशस्त्र टीम ने त्वरित छापेमारी की. पुलिस की गाड़ी को देखकर दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे,लेकिन पुलिस बल ने लोगो की मदद से उन्हें पकड़ लिया.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोलवीचक टोला अमर सिंह स्थान,दलसिंहसराय निवासी रामाश्रय सहनी के पुत्र गणेश कुमार एवं रूपण सहनी के पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई. तलाशी के दौरान गणेश कुमार के कब्जे से एक लोहे का देशी पिस्टल तथा संजीव कुमार के पास से तीन जिंदा कारतूस (7.65 KF) बरामद हुए. इस संबंध में दलसिंहसराय थाना पर कांड संख्या 357/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.