पटना-मुजफ्फरपुर समेत 6 शहरों से हरियाणा के लिए चलेंगी सरकारी AC बसें
बिहार से हरियाणा के गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत और पानीपत जैसे प्रमुख शहरों के लिए एसी बसों का नियमित परिचालन शुरू होने जा रहा है. इन सरकारी बसों का संचालन एक तय टाइम टेबल के अनुसार किया जाएगा ताकि यात्रियों को समय पर और भरोसेमंद सुविधा मिल सके.
जुलाई के अंत तक शुरू होगी सेवा, इन प्रमंडलों से चलेंगी बसें
परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि सभी कागजी और तकनीकी काम पूरे करके जुलाई महीने के अंत तक इस अंतरराज्यीय बस सेवा को हर हाल में शुरू कर दिया जाए. ये बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के छह प्रमुख प्रमंडलों यानी पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर से रवाना होंगी. इस समझौते पर बिहार सरकार की तरफ से राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन और हरियाणा सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव (परिवहन) राजा शेखर वुंडरु ने दस्तखत किए हैं. इस मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा भी उपस्थित थे.
किराया होगा कम, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
यह नई बस सेवा केवल आम यात्रियों के सफर को आरामदायक नहीं बनाएगी, बल्कि हरियाणा में काम करने वाले बिहार के लाखों मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को एक सुरक्षित और सुलभ विकल्प देगी. दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होने से व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार ने बताया कि बिहार सरकार राज्यों के बीच सरकारी परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने को प्राथमिकता दे रही है. इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को प्राइवेट बसों के मुकाबले बेहद कम किराये में शानदार सफर का मौका मिलेगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
