प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म पर अनुमंडलीय अस्पताल में हंगामा,अस्पताल में तोड़फोड़
मुजफ्फरपुर।बगहा अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में शुक्रवार की दोपहर प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा . आक्रोशित परिजनों ने लेबर रूम में घुसकर जमकर हंगामा किया और लैपटॉप, टेबल समेत अन्य सरकारी सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया . हंगामे के दौरान अस्पताल के कुछ अभिलेख भी अस्त-व्यस्त हो गए, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया .जानकारी के अनुसार, प्रसूता की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चखनी गांव निवासी रितेश कुमार की 25 वर्षीय पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है . मृत शिशु के जन्म की सूचना मिलते ही परिजनों ने डॉ शिवांगी एवं जीएनएम पर प्रसव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया . उनका आरोप था कि समय पर उचित इलाज और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल नहीं मिलने के कारण नवजात की मौत हुई .
हंगामे की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया . पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी .इधर, अस्पताल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि आक्रोशित परिजनों ने चिकित्साकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया . अस्पताल प्रभारी उपाधीक्षक डॉ ए के तिवारी ने बताया कि मामले में अस्पताल प्रबंधन द्वारा नगर थाना को लिखित आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग किया जा रहा है .
वहीं, परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही को घटना का कारण बताते हुए संबंधित चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है .दोनों पक्षों की ओर से नगर थाना में अलग-अलग लिखित आवेदन दिया गया है . नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है . जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी . उधर, अस्पताल प्रबंधन ने भी पूरे घटनाक्रम की सूचना वरीय अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है .
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
