बिजली के सर्विस तार ने ले ली दो जिंदगियां:करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने गई मां,मौत
बेगूसराय।नावकोठी थाना क्षेत्र के महेशवाड़ा पंचायत के बभनगामा वार्ड संख्या-10 में बुधवार सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान 47 वर्षीय रेखा देवी, पति रामचंद्र तांती, और उनके 26 वर्षीय पुत्र सरोज कुमार के रूप में हुई है।
जमीन पर गिरे बिजली के तार से हुआ हादसा
स्थानीय ग्रामीण केशव कुमार अनुभव ने बताया कि घर का बिजली का सर्विस तार गलकर जमीन पर गिर गया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। बुधवार सुबह सरोज कुमार घर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान उनका पैर करंट वाले तार से छू गया और वह उसकी चपेट में आ गए।
बेटे को बचाने दौड़ी मां भी करंट की चपेट में आई
बेटे को करंट से छटपटाता देख मां रेखा देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक सरोज कुमार की फािल फोटो
सास ने देखा तो मची चीख-पुकार
घटना की जानकारी तब हुई जब मृतका की सास लौकी देवी, जो पास के दूसरे घर में रहती हैं, आंगन में पहुंचीं। उन्होंने मां-बेटे को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मुखिया अजय सहनी, सहायक अंचल मंत्री केशव कुमार अनुभव, पंच श्याम शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर नावकोठी थाना प्रभारी मोहम्मद फिरदौस और एसआई रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
